Breaking News

Post Top Ad

Your Ad Spot

मंगलवार, 21 मार्च 2023

दुनिया का सबसे बड़ा चाकू बढ़ाएगा रामपुर की शान, 52 लाख रुपए है कीमत, जानें खासियत

  उत्तर प्रदेश के रामपुर में दुनिया का सबसे बड़ी रामपुरी चाकू...

रामपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर में दुनिया का सबसे बड़ा रामपुरी चाकू है। इस चाकू को रखने के लिए एक चौराहा भी बनाया गया है,जिसका सोमवार को लोकार्पण किया गया। इस चाकू को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में जल्दी ही सबसे बड़े चाकू का सर्टिफिकेट मिल जाएगा। इस सबसे बड़े चाकू की कीमत 52 लाख रुपए है और 6.10 मीटर लंबा है। ये चाकू पीतल और स्टील से बनाया गया है।इस चाकू की खासियत ये भी है कि इसमें कभी जंग नहीं लग सकता है और ना ये धूप में खराब होगा।

 
बता दें कि कभी रामपुर रामपुरी चाकुओं के लिए मशहूर था। यहां चाकू बनाने की कला लगभग 100 साल पुरानी है। रामपुरी चाकू की खासियत ये है कि ये बटन से खुलता और बंद होता हैं और इस पर सुंदर नक्काशी होती है। 60 से 70 के दशक की हिंदी फिल्मों में विलेन के हाथ अक्सर रामपुरी चाकू दिखाई देते थे। 90 के दशक में सरकार ने चार इंच से लंबे चाकू रखने और इस्तेमाल पर रोक लगा दी थी, जिसके बाद रामपुरी चाकू का कारोबार कम होता गया, लेकिन अब रामपुर से भारतीय जनता पार्टी के विधायक आकाश सक्सेना ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को रामपुरी चाकू के लिए पत्र लिखा, जिसके बाद जल्दी ही 9 इंच तक के चाकू बनाने का लाइसेंस मिलने लगेगा।


भारतीय जनता पार्टी के सांसद घनश्याम सिंह लोधी, रामपुर शहर भारतीय जनता पार्टी के विधायक आकाश सक्सेना, मंडलायुक्त  आञ्जनेय कुमार सिंह और जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने दुनिया के सबसे लम्बे चाकू का सोमवार को लोकार्पण किया। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने सांस्कृतिक एवं देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी। सांसद घनश्याम सिंह लोधी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में जब से सीएम योगी ने बागडोर संभाली है तब से उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश के रूप में निरंतर उन्नति के शिखर पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज चाकू अच्छे हाथों में है तो उसका प्रयोग भी अच्छा हो रहा है। पर्यटकों के लिए रामपुर का यह चाकू चौराहा विशेष पहचान बनेगा और इसी प्रकार अलग-अलग थीम के साथ जिले के अन्य चौराहों को सजाने का कार्य किया जा रहा है।


रामपुर शहर भाजपा विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि रामपुरी चाकू को कभी डर के रूप में जाना जाता था, परंतु अब योगी सरकार चाकू के शिल्प को फिर जिंदा करने का काम कर रही है। दुनिया के सबसे बड़े़ चाकू के लिए 52.52 लाख से चौराहा बनाया गया है, जिसमें लाइट्स और बेंच लगाई गई हैं, जिससे लोग दुनिया के सबसे बड़े़ चाकू को देख सकें। उन्होंने कहा कि इससे पहले योगी सरकार बरेली में झुमका लगा चुकी है। उन्होंने कहा कि शासन स्तर से चाकू उद्योग के लिए लाइसेंस से छूट और जीएसटी के दायरे से बाहर रखने के लिए भी विचार किया जा रहा है। रामपुर को नए रामपुर के रूप में आगे बढ़ाना है और इसके लिए सभी का सहयोग बहुत जरूरी है। मंडलायुक्त ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े चाकू को तैयार कराने की बुनियाद काफी पहले रखी गई थी। यह चाकू रामपुर की सिर्फ पहचान ही नहीं बल्कि यहां के शिल्प और आजीविका की पहचान भी है। रामपुर में चाकू का हुनर विश्व के प्राचीन चाकू हुनर में से एक है। इस चाकू की स्थापना का उद्देश्य जिले में चाकू उद्योग को प्रोत्साहित करना है तथा इससे जुड़े लोगों को आजीविका के संसाधनों से जोड़ते हुए रोजगार के अवसरों को बढ़ाने पर जोर देना है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Top Ad

Your Ad Spot

अधिक जानें