Breaking News

Post Top Ad

Your Ad Spot

शनिवार, 1 जनवरी 2022

अखिलेश के करीबी पुष्पराज के ठिकानों पर छापा, दूसरे इत्र व्यापारी मलिक मियां के घर भी पहुंची टीम

कन्नौज के घर के अलावा पुष्पराज के नोएडा, कानपुर, हाथरस और मुंबई सहित कई ठिकानों पर इनकम टैक्स विभाग के प्रवर्तन दल टीम की हुई छापामार कार्रवाई, छापेमारी में कानपुर और आगरा नंबर की दो गाड़ियां भी शामिल हैं...

इत्र कारोबारी सपा एमएलसी पुष्पराज जैन उर्फ पम्पी जैन... 

कन्नौज। कालेधन के कुबेर पीयूष जैन पर कार्रवाई के बाद उत्तर प्रदेश के कन्नौज में इत्र व्यापारियों के यहां छापेमारी का दौर जारी है। पीयूष जैन पर शिकंजा कसने के बाद अब आयकर विभाग ने इत्र कारोबारी और सपा एमएलसी पुष्पराज जैन उर्फ पम्पी जैन के घर और ठिकानों पर छापेमारी की। खबर है कि आयकर विभाग की मुम्बई यूनिट ने इस सर्च ऑपरेशन को अंजाम दिया है। पुष्पराज जैन के घर और फैक्ट्रियों पर यह छापेमारी ऐसे समय में हो रही है सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव उस वक्त खुद कन्नौज में मौजूद रहे और दोपहर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले थे।


कानपुर और कन्‍नौज में इत्र कारोबारी पीयूष जैन के ठिकानों से 194 करोड़ रुपए और 23 किलो सोना मिलने के बाद आयकर विभाग और जीएसटी की टीमों ने समाजवादी पार्टी के मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के करीबी एमएलसी पुष्पराज उर्फ पम्मी जैन के ठिकानों पर सुबह से छापेमारी की कार्रवाई कर रही है। आज शुक्रवार की सुबह टीमें पुष्‍पराज जैन के कई ठिकानों पर पहुंची। खबर है कि कन्नौज के घर के अलावा पुष्पराज के नोएडा, कानपुर, हाथरस और मुंबई सहित कई ठिकानों पर छापामार कार्रवाई हुई हैं। सुबह लगभग सात बजे से डेढ़ सौ अधिकारी अलग-अलग 50 ठिकानों पर छापेमारी कर रहे हैं। छापेमारी में क्‍या मिला, अभी इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। शुरुआती जानकारी में टैक्स चोरी के आरोप में ये छापेमारी करने की बात कही जा रही है। पुष्पराज के अलावा आयकर विभाग की टीम कन्नौज के एक और इत्र कारोबारी मोहम्मद याकूब के यहां भी छापेमारी कर रही है।

 

इसके पहले पीयूष जैन के यहां पड़े छापों को सपा से जोड़ने पर पार्टी नेताओं ने कड़ी आपत्ति की थी। एमएलसी पुष्‍पराज जैन ने भी कहा था कि उनका पीयूष जैन से कोई मतलब नहीं है। बताया जाता है कि कन्‍नौज में पुष्‍पराज और पीयूष जैन का घर आसपास ही हैं, लेकिन पीयूष की गिरफ्तारी के बाद पुष्‍पराज ने कहा था कि कभी-कभी दुआ-सलाम से ज्‍यादा उनके बीच कोई सम्‍बन्‍ध नहीं है। पीयूष के यहां छापामारी को लेकर सपा और भाजपा के बीच पिछले कुछ दिनों से आरोप-प्रत्‍यारोप का दौर चल रहा था। भाजपा जहां पीयूष के घर बड़े पैमाने पर मिले पैसे को सपा की गठरी बता रही है, वहीं सपा पीयूष जैन को भाजपा का समर्थक बता रही है। अखिलेश यादव ने यहां तक टिप्‍पणी की थी कि छापा पुष्‍पराज जैन के यहां पड़ना था, लेकिन ग‍लती से पीयूष जैन के यहां पड़ गया। जिस इत्र वाले के यहां इनकम टैक्स विभाग और जीएसटी विभाग की टीम छापा मारना चाहती थी, उसका नाम पुष्पराज जैन है और वह हमारा एमएलसी हैं। परन्तु भूल वश छापामारी की कार्रवाई पीयूष जैन के ठिकानों पर की गई। लगता है डिजिटल इंडिया की गलती हो गई। पुष्पराज जैन की जगह आयकर विभाग की टीम के रडार पर पीयूष जैन आ गए।


हाथरस के हसायन कस्बे के सिकतरा रोड पर संचालित इत्र फैक्ट्री में भी छापेमारी हुई है। इस फैक्ट्री के मालिक पुष्पराज उर्फ पम्मी जैन हैं। फैक्ट्री के अंदर कई टीमें लगी है। छापेमारी के बाद कस्बे के अन्य इत्र व्यापारियों में खलबली मची है। फैक्ट्री के आसपास किसी को फटकने नहीं दिया जा रहा है। छापेमारी में कानपुर और आगरा के नंबर की दो गाड़ियां भी शामिल हैं। ये फैक्ट्री कई सालों से बंद थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार सपा एमएलसी और इत्र कारोबारी पुष्‍पराज जैन पम्मी के ठिकानों पर छापेमारी मुंबई से मिले इनपुट के आधार पर हुई हैं। बादशाह ट्रांसपोर्ट कंपनी से आयकर विभाग को टैक्स चोरी का सुराग मिला था। ये ट्रांसपोर्ट कंपनी कानपुर और मुंबई समेत देश के कई हिस्सों में फैली हुई है। कानपुर में सपा एमएलसी पंपी जैन के स्वरूप नगर और सिविल लाइंस और ट्रांसपोर्ट नगर सहित कई ठिकानों पर छापेमारी की खबर है।


पुष्पराज जैन का रीजनल ऑफिस मुंबई में है। उनके इत्र का कारोबार मिडिल ईस्ट कन्ट्रीज में फैला हुआ है। 60 वर्षीय पुष्पराज जैन कन्नौज में काफी मशहूर इत्र कारोबारी हैं। उनके पास एक पेट्रोल पंप और कोल्ड स्टोरेज यूनिट है। वह कृषि से भी कमाई करते हैं और उनके पास मुंबई में भी घर और दफ्तर हैं। कुछ समय पहले ही अखिलेश यादव ने समाजवादी इत्र नाम से परफ्यूम लॉन्च किया था। इस दौरान सपा एमएलसी पुष्पराज जैन भी मौजूद थे, क्योंकि इस इत्र को उन्होंने ही तैयार किया था। वर्ष-2016 में उनके चुनावी हलफनामे के अनुसार, पुष्पराज और उनके परिवार के पास 37.15 करोड़ रुपए की चल संपत्ति और 10.10 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है। उनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है और उन्होंने कन्नौज के स्वरूप नारायण इंटरमीडिएट कॉलेज में कक्षा 12 तक पढ़ाई की है।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Top Ad

Your Ad Spot

अधिक जानें