Breaking News

Post Top Ad

Your Ad Spot

रविवार, 14 मई 2023

झोपड़ी में सो रहे लोगों को कुचलते हुए पलटा सीमेंट से लदा हुआ ट्रक

झोपड़ी में सो रहे लोगों को कुचलते हुए पलटा सीमेंट से लदा हुआ ट्रक...

बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बैरिया थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसा हुआ है। बलिया से बैरिया की ओर सीमेंट लेकर जा रहे ट्रक ने रविवार सुबह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक झोपड़ी में सो रहे लोगों को कुचलते हुए पलट गया। झोपड़ी में सो रहे देव प्रकाश सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं प्रकाश का बेटा राहुल ट्रक में फंसा रहा। सूचना पर लगभग आधा घंटा बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पोकलेन की मदद से ट्रक में फंसे राहुल को बाहर निकाला। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ट्रक की चपेट में आने से एक गाय और एक बछिया की भी मौके पर मौत हो गई। 


मिली जानकारी के अनुसार शनिवार रात खाना खाकर 58 वर्षीय देव प्रकाश सिंह का परिवार झोपड़ी में सो रहा था। सीमेंट से लदा हुआ ट्रक सुघर छपरा ढाले से 10 मीटर आगे बेकाबू होकर देव प्रकाश की झोपड़ी में जा घुसा और पलट गया। झोपड़ी में सो रहे देव प्रकाश सिंह की मौके पर ही मौत हो गई और उनका 25 वर्षीय बेटा राहुल कुमार सिंह ट्रक के नीचे फंस गया।धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोगों की नींद खुली। चीखपुकार सुनकर लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। लोगों ने ट्रक में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। 


सूचना के बाद मौके पर पहुंची बैरिया पुलिस ने ट्रक के नीचे फंसे लोगों को पोकलेन से  बाहर निकाला। देव प्रकाश सिंह की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल राहुल को जिला अस्पताल भिजवाया गया। देव प्रकाश सिंह और मवेशियों के मौत के बाद के बाद परिवार पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा है। देव प्रकाश सिंह के दो बेटी हैं। बड़ी बेटी की शादी हो गई है। छोटी बेटी रंजना (15) की शादी अभी नहीं हुई है।इकलौता बेटा राहुल अस्पताल में मौत से जंग लड़ रहा है। देव प्रकाश सिंह की पत्नी सुशीला और बेटी रंजना का रो-रोकर बुरा हाल है। देव प्रकाश सिंह किसी तरह गायों की देखभाल कर अपने परिवार की जीविका चला रहे थे।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Top Ad

Your Ad Spot

अधिक जानें