Breaking News

Post Top Ad

Your Ad Spot

शनिवार, 1 जुलाई 2023

चंबल का एक थाना ऐसा,बदमाशों का नहीं,बिच्छुओं का है आतंक,वर्दी तो कभी जूते में घुसकर मारते हैं डंक

बरसात शुरू होने के बाद से थाना परिसर में बिच्छूओं का आतंक....

आगरा।उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक थाना ऐसा है जहां पुलिसकर्मी बदमाशों से नहीं बल्कि बिच्छुओं के आतंक से परेशान हैं। बरसात शुरू होने के बाद से थाना परिसर में बिच्छू सैर करते रहते हैं। बिच्छू पुलिसकर्मियों की वर्दी तो कभी जूते में घुसकर बैठ जाते हैं। जब पुलिसकर्मी वर्दी या जूते पहनते हैं तो दबाव पड़ने पर बिच्छू उन्हें डंक मार देते हैं। ऐसा कई बार हो चुका हैं। मामला जिले के मनसुखपुरा थाने का है।थाने की पुलिस बीहड़ के बदमाशों से नहीं बल्कि बिच्छुओं के हमले से परेशान है। शाम होते ही थाना परिसर में बिच्छू सैर करने लगते हैं। पुलिसकर्मियों का ध्यान बिच्छुओं पर ही रहता है। पुलिसकर्मी रोज 8-10 बिच्छू पकड़कर घड़े में बंद करते हैं। इसके बाद जंगल में छोड़ देते हैं। 


बता दें कि जिला मुख्यालय से लगभग 70 किलोमीटर दूर चंबल के बीहड़ में मंसुखपुरा थाना है। धौलपुर से सटे बीहड़ के इस इलाके में 50-60 के दशक में मान सिंह, मोहर सिंह, तहसीलदार सिंह, माधौ सिंह आदि दस्यु गिरोह की धमक थी। डकैतों से मुक्ति दिलाने के लिए मंसुखपुरा थाना अस्तित्व में आया था। अब चंबल के डाकू नहीं रहे, लेकिन मंसुखपुरा पुलिस की मुश्किलें कम नहीं हुई हैं। बरसात के दिनों में चिकनी मिट्टी से निकले बिच्छू थाना परिसर में घुस आते हैं। 


थानाध्यक्ष बताते हैं कि सांझ ढलते ही बिच्छू थाना परिसर में रेंगने लगते हैं। ऑफिस और कमरे से बाहर निकलने से पहले बिच्छू के हमले के डर से लोग टॉर्च की रोशनी करते हैं। वर्दी पहनते समय भी बिच्छू का डर रहता है। थाने के आवासीय परिसर में खूंटी पर टंगी वर्दी पहनते समय मंगलवार को कांतर (कनखजूरा) ने सिपाही रामनिवास को पीठ पर काट लिया। उन्होंने बताया कि खूंटी पर टंगी वर्दी में यह चिपका हुआ था। इस हादसे के बाद से लोग अपनी वर्दी पहनते समय बिच्छू के साथ कांतर से भी डरने लगे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Top Ad

Your Ad Spot

अधिक जानें